नई दिल्ली – टेलीविजन पर मशहूर पौराणिक धारावाहिक ‘महाभारत’ में ‘भीम’ के किरदार को जीवंत करने वाले कलाकार प्रवीण कुमार का सोमवार देर रात निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमारी और आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। उन्होंने दिल्ली में अशोक विहार स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। प्रख्यात फिल्म निर्देशक बीआर चोपड़ा के निर्देशन में ‘महाभारत’ में भीम के किरदार से प्रवीण को काफी लोकप्रियता मिली थी। बाद में उन्होंने कई फिल्मों में भी काम किया। 50 से ज्यादा फिल्मों में काम करने वाले अभिनेता प्रवीण की आखिरी फिल्म साल 2013 में रिलीज हुई थी। फिल्म का नाम महाभारत और बर्बर था। प्रवीण कुमार सोबती ने इसमें भी भीम का किरदार निभाया था। इसके बाद अभिनय छोड़ प्रवीण कुमार सोबती ने राजनीति में प्रवेश किया। उन्होंने आम आदमी पार्टी के टिकट पर दिल्ली के वजीरपुर से चुनाव लड़ा, लेकिन जीत न सके। कुछ समय बाद उन्होंने आप पार्टी छोड़कर भाजपा ज्वाइन कर ली। कुछ समय पहले ही जीवन यापन करने के लिए प्रवीण कुमार ने पेंशन की गुहार लगाई थी। उन्होंने अपनी आर्थिक तंगी की जानकारी देते हुए सरकार से मदद भी मांगी थी। उल्लेखनीय है कि प्रवीण अभिनेता होने के साथ एक एथलीट भी थे। उन्होंने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक प्रतियोगिताओं में हैमर थ्रो और डिस्कस थ्रो स्पर्धा में देश का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने 1966 के राष्ट्रमंडल खेलों में हैमर थ्रो में रजत पदक जीता था और 1966 और 1970 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया था।
Social Plugin